गुरुवार, 6 फ़रवरी 2025

मायके लौटी स्त्री

 

मायके लौटी स्त्री

फिर से बच्ची बन जाती है

लौट जाती है वह 

गुड़ियों के खेल में 

दो चोटियों और 

उनमें लगे लाल रिबन के फूल में


वह उचक उचक कर दौड़ती है

जैसे पैरों में लग गए हो पर

 घर के दीवारों को छू कर 

अपने अस्तित्व का करती है एहसास

मायके लौटी स्त्री। 


मायके लौटी स्त्री

वह सब खा लेना चाहती है

जिनका स्वाद भूल चुकी थी

जीवन की आपाधापी में 

घूम आती है अड़ोस पड़ोस

ढूंढ आती है

पुराने लोग, सखी सहेली

अनायास ही मुस्कुरा उठती है

मायके लौटी स्त्री। 


मायके लौटी स्त्री

दरअसल मायके नहीं आती

बल्कि समय का पहिए को रोककर वह

अपने अतीत को जी लेती है

फिर से एक बार। 


मायके लौटी स्त्री

भूल जाती है 

राग द्वेष

दुख सुख

क्लेश कांत

पानी हो जाती है

किसी नदी की । 


हे ईश्वर ! 

छीन लेना 

फूलों से रंग और गंध

लेकिन मत छीनना कभी 

किसी स्त्री से उसका मायका।



विश्वास

 1

विश्वास 

एक नाजुक सी डोर है 

तनिक भी ताप 

या नमी से जाती है टूट 

और पता भी नहीं चलता । 


2

विश्वास 

कमाना 

बहुत मुश्किल है 

और खो देना 

बेहद आसान 


3 

दिन को 

दिन कहना 

विश्वास नहीं 

रात को 

दिन कहना 

है विश्वास  ! 

बुधवार, 29 जनवरी 2025

गंगा में डुबकी

लगाते लगाते 

गंगा में डुबकी 

हमलोगों ने नहीं रहने दिया 

गंगा को स्नान के लायक 

नहीं रहने दिया गंगाजल को पवित्र 


लगाते लगाते 

गंगा में डुबकी 

पहुंचा दिया हमलोगों ने 

गंगा की मछलियों को 

विलुप्ति के कगार पर 


लगाते लगाते 

गंगा में डुबकी 

अपशिष्टों से भर दिया 

इसकी तलछटी कि

प्रवाह कम हो गया नदी का 


लगाते लगाते 

गंगा में डुबकी  

एक दिन बिलुप्त हो जाएगी गंगा 

और रह जाएगी 

बस चित्रों और स्मृतियों में ! 


मंगलवार, 28 जनवरी 2025

घबराना एक प्रतिक्रिया है

घबराना 

पहली प्रतिक्रिया है  

है एकदम नैसर्गिक !


कुछ लोग 

घबरा जाते हैं 

बहुत जल्दी 

छुई-मुई से होते हैं वे 

अपनी सामाजिक/आर्थिक/मानसिक स्थिति के प्रति 

ऐसे लोग प्रतिकूल परिस्थितियों से/विपत्तियों से तो 

लेते हैं निपट किन्तु जब बात आती है  

उनके स्वाभिमान और अस्मिता पर 

वे घबरा जाते हैं 


कुछ लोग कभी नहीं घबराते 

उनपर आलोचनाओं और प्रतिकूल परिस्थितियों का 

नहीं होता कभी कोई असर 

और ऐसे लोगों की संख्या बढ़ रही है लगातार 

घरों में, समाज में, सत्ता में । 


नहीं घबराने वाले लोग

जन्म देते हैं युद्ध हो 

नष्ट करते हैं पर्यावरण को 

दूषित करते हैं मानवीय परिवेश को   !


अक्सर घबराने वाले लोग 

बेहद मासूम होते हैं दुनियाँदारी से अनिभिज्ञ 

बहुत सकुचाते हैं वे लोग 

अपनी उपस्थिती दर्ज़ कराने से । 


बचने के लिए अपने दामन पर दाग या आंच से 

कुछ लोगों की प्रतिक्रिया होती है 

घबराहट के रूप में ! 


बड़े प्रिय और ईमानदार होते हैं 

अपने व्यवहार और किरदार में 

घबराने वाले लोग । 


यह मेरी कमजोरी हो सकती है कि

मुझे घबराए हुये लोग 

बहुत अच्छे लगते हैं ! 

सोमवार, 27 जनवरी 2025

निर्णय

 1

निर्णय का महत्व 

समय से निर्धारित होता है 

सही समय पर नहीं लिए गए निर्णय 

नहीं रह जाते हैं प्रभावी । 


2

आज लिए गए निर्णय 

आज के ही संदर्भ में जाने चाहिए देखें 

समय और काल बदलने से 

अर्थ और ताकत दोनों बदल जाते हैं 

निर्णय के । 


3

निर्णय 

अक्सर व्यक्ति सापेक्ष भी होते हैं 

और स्थिति सापेक्ष भी