 |
| अभिनव और आयुष जिन्हें यह कविता समर्पित है. |
कार्टून चैनलों के
काल्पनिक पात्रों
और चरित्रों में
जब तुम्हारी
डूबी आँखों को देखता हूँ
भविष्य का रंग
मुझे काला दिखने लगता है
डांट नहीं पाता मैं
अपने पिता की तरह
क्योंकि स्वयं को
कमजोर पाता हूँ मैं .
तुम्हारे यूनिट टेस्ट के
सामान्य ज्ञान विषय के
प्रश्न पत्र में जब देखता हूँ
कुछ कारों के मॉडल,
टी वी चैनलों के लोगो
या फिर कार्टून के चित्र
जिन्हें पहचानना होता है तुम्हे
नाम लिखना होता है उनका
मैं खुद हल नहीं कर पाता
यह प्रश्न पत्र
असफल पाता हूँ स्वयं को
हताश हो जाता हूँ मैं .
जब चाहता हूँ
लिखो तुम एक निबंध
गाय पर
दिवाली पर
होली पर
नेहरु जी पर
गाँधी जयंती पर
बाढ़ की विभीषिका पर
या फिर किसी यात्रा वृत्तांत पर
तुम्हे तैयारी करनी होती है
डांस प्रतियोगिता की
या फिर स्केटिंग की
बदलते परिवेश में
तुम्हारे बदलते तेवर को देख
खुश होते हुए भी
खुश नहीं हो पाता मैं
तुम्हारी ख़राब होती
लिखावट को देख
चाहता हूँ थोड़ी और मेहनत करो तुम
अपने हैण्ड राइटिंग पर
तुम्हारी दलील कि आगे सब कुछ
लिखा जाना है कंप्यूटर पर
हार जाता हूं मैं लेकिन
ख़ुशी नहीं होती तुम्हारी जीत पर भी
सो रहे होते हो
तुम्हारे चेहरे पर
मंद मुस्कान तिरती रहती है
देवदूत से लगते हो तुम
जिन्हें देख
रोता हूँ
हँसता हूँ
एक अदृश्य भय से
डरता हूँ मेरे बच्चे
और तुम्हे गले लगा
सो जाता हूँ मैं भी
ना जाने कब तुम कहने लगो
'पापा अलग कमरा चाहिए मुझे भी !'