शनिवार, 11 जनवरी 2025

चूल्हे का सौंदर्य

 चूल्हे का सौंदर्य 

आग से है

इसकी उपयोगिता भी। 


बुझा हुआ चूल्हा

होता है उदास । 


चूल्हा जो पकाता है 

अक्सर अकेला रह जाता है

भूख के मिटने के बाद । 




शुक्रवार, 10 जनवरी 2025

पिता की प्रार्थनाएँ

1.

पिता 

कभी स्वयं नहीं होते 

अपनी प्रार्थनाओं में । 


2.

पिता की प्रार्थनाओं को 

प्रायः वे कभी नहीं समझ पाते 

जिन्हें मिला होता है 

पिता का प्यार भरा हाथ 

उनके सिर पर । 


3.

पिता की प्रार्थनाओं का महत्व 

कभी उस लड़की से पूछना 

जिसके पिता नहीं थे 

जब वह जाना चाहती थी स्कूल 

जब वह छूना चाहती थी आसमान । 


4.

पिता की प्रार्थनाएँ 

अक्सर तब समझ में आती हैं 

जब नहीं रहते हैं पिता 

सशरीर । 






गुरुवार, 9 जनवरी 2025

बिन पिता की बेटियाँ

बेटियाँ 

सबसे अधिक प्रेम करती हैं 

अपने पिता से 

वे होती हैं सबसे अधिक आकर्षित 

अपने पिता सरीखे पुरुषों से 

जो दे सके उन्हें भरोसा, 

जो खड़ा हो सके उनके साथ 

धूप में , छाँव में 

ऐसा नहीं है कि बरगद जैसे पिता की छाया में 

बेटियाँ बढ़ती नहीं है 

बल्कि वे तितली हो उठती हैं 

सुरक्षा के भाव के साथ । 


कुछ बेटियाँ ऐसी भी होती हैं 

जिन्हें कभी नहीं मिला होता है 

पिता का खुरदरे हाथों का स्नेह-सिक्त प्यार 

या फिर बैठकर पिता के चौड़े कंधों पर 

आसमान को छूने का अनुभव 

ऐसी बेटियाँ अक्सर बातें करती हैं अपने पिता से 

कल्पनाओं में, अकेले में 

कोई और पुरुष शायद ही बाँट सके इस अकेलेपन को । 


बेटियाँ कई सारी बातें 

वे बांटती केवल पिता से 

जब वे लौटती हैं स्कूल से 

कॉलेज से या दफ्तर से 

या फिर मायके से 

और जब पिता नहीं होते 

या जिन बेटियों के पिता नहीं होते

वे अक्सर ओढ़ लेती हैं 

चुप्पी का लिहाफ

कुछ बेटियाँ अपने अकेलेपन से भागकर 

हंसने लगती हैं, बातूनी हो जाती हैं 

और कुछ इस तरह भीतर ही भीतर छुपाती हैं अपना दर्द ! 


ईश्वर किसी बेटी को पिताविहीन न बनाए 

ऐसी प्रार्थनाएँ अक्सर करती हैं बेटियाँ 

अपने सिले हुये ओठों से बुदबुदाते हुये 

सच बात यह है कि बेटियों की  बुदबुदाती हुई बातों को 

सबसे सटीक समझते हैं पिता है 

सबसे पहले समझते हैं पिता ! 



सोमवार, 6 जनवरी 2025

सर्दी की एक सुबह

 भिन्न नहीं होती सर्दी की सुबह 

सड़क की सफाई करने वालों के लिए 

नहीं होती अलग 

कूड़ा उठाने वालों के लिए 

अखबार वाले लड़के 

उठ जाते हैं अल्लसुबह 

इन्हें नहीं पता होता 

कितना है आज का न्यूनतम तापमान 


सर्दी की सुबह अलग नहीं होती 

स्त्रियॉं के लिए भी

वे घड़ी से चलती हैं 

मौसम के तापमान से निस्पृह

पैरों में उनके बंधी होती है घिरनी 

और वे नाचती रहती हैं 

मौसम के मिजाज से परे  ! 


सर्दियों का आनंद 

लिहाफ की गरमाइश 

गुनगुनी धूप में बैठने का रोमांच 

कामगारों के हिस्से नहीं आता

स्त्रियॉं के हिस्से नहीं आता ! 

गुरुवार, 2 जनवरी 2025

खुरदुरे हाथों का स्पर्श

खुरदुरे हाथों से किसान 

ढीली करता है समय समय पर 

फसलों की जड़ें 

ताकि पहुँच सके वहाँ तक नमी । 


खुरदुरे हाथों से माली 

फूलों की जड़ों को बेफिक्री से 

सींचता है, कमाता है । 


कुम्हार जो गूँथता है मिट्टी

बनाने के लिए घड़ा, दीया, खिलौने 

उसके हाथ भी होते हैं खुरदुरे । 


जो बनाता है सड़कें

निकालता है कोयला 

चलाता है मशीनें

सबके हाथ होते हैं खुरदुरे । 


नरम नरम रेशमी कपड़ों के बुनकरों के हाथ 

कभी नरम और मुयलयम नहीं होते 

होते हैं खुरदुरे ही । 


घर और बाहर के 

दुगुने बोझ से लदी कामगार स्त्रियॉं के हाथ 

होते हैं कुछ अधिक ही खुरदुरे । 


खुरदुरे हाथों वाले लोग 

भरे होते हैं प्रेम से , जिजीविषा से 

जब कभी अनायास ही 

खुरदुरे हाथों को कोई छूता है प्रेम से 

मोम से पिघल जाते हैं हाथ 

रेशमी एहसास से भर जाता है हाथों का खुरदरापन ।