शुक्रवार, 22 दिसंबर 2017

परिधि

परिधि

१

पृथ्वी के पैर में
लगे हैं पहिये
किन्तु उसे लौट आना होता है
धुरी पर
यही नियति है
जैसे स्त्रियों के लिए
निर्धारित है परिधि !


२

परिधि में
नहीं है आसमान
जंगल भी नहीं
न ही समंदर
किन्तु निर्धारित कर ली है नदी
अपना मार्ग
जैसे स्त्रियों के लिए
निर्धारित है परिधि !!


३

परिधि के लिए
गढ़ लिए गए हैं
कई पर्याय
किन्तु वही छूता है शिखर
जिसमें दुस्साहस है
लांघने को परिधि !


गुरुवार, 14 दिसंबर 2017

झूठ

एक झीनी सी 
रेखा होती है 
सच और झूठ के बीच 

होता है एक 
झिल्लीदार पर्दा 
झूठ और सच के मध्य 

तुम चाँद सी लगती हो 
झूठ ही तो है 
झूठ ही तो है 
जब कोई कहे 
तुम में बसती है 
मेरी जान 
सब झूठ है 

वह भी तो झूठ है 
जो कहती हो तुम 
मेरे कानो में 
मेरे सपनो में 
सपने भी झूठ ही होते हैं 
फिर भी 
देखते हैं सपने हम , तुम, सब 

झूठ होती है 
सब प्रार्थना 
सब दुआएं 
यदि यह सच है कि 
ईश्वर ने रचा है यह विधान 
क्योंकि वह तो सबसे बड़ा झूठ है 

जो आज झूठ है किसी के लिए 
हो सकता है वही एकमात्र विकल्प रहा हो 
किसी के लिए 
स्थितियों परिस्थियों के अनुकूल 
झूठ सच के भेद को देता है मिटा 

जब भी तुमसे कहता हूँ मैं
इस देश का राजा भी बोलता है
झूठ,
तुम हँसकर कहती हो
'मुझे नहीं चाहिए झूठ बोलने वाला राजा"
और तुम्हारा चेहरा लाल हो उठता है
झंडे की तरह .


गुरुवार, 30 नवंबर 2017

मौजूद रहेंगी ध्वनियाँ

एक दिन कुछ ऐसा होगा
मिट जाएगी पृथ्वी
ये महल
ये अट्टालिकाएं
ये सभ्यताएं
सब मिटटी बन जाएँगी
फिर भी मौजूद रहेंगी
ध्वनियाँ .

जब सब सागर
सूख जायेंगे
नदियाँ मिट जायेंगी
मछलियों की हड्डियां
अवशेष बचेंगी
फिर भी मौजूद रहेंगी
ध्वनियाँ .


मनुष्य रहे न रहे
मनुष्यता उसमे रहे न रहे
रहें न रहे दिन
रहें न रहे रात
फिर भी मौजूद रहेंगी
ध्वनियाँ .

हां !
ध्वनियों से फिर जन्म लेगी
कोई न कोई पृथ्वी
अन्तरिक्ष में
कहीं न कहीं  !

मंगलवार, 28 नवंबर 2017

अँधेरा है जीवन


जीवन 
अँधेरा ही तो है 
अँधेरा न हो तो 
क्या है रात का अस्तित्व 
पर्वतों की गुफाओं से लेकर 
पृथ्वी के गर्भ तक 
नदियों के उद्गम से लेकर 
समुद्र की तलहटी तक 
पसरा हुआ है 
अँधेरा ही अँधेरा 

जैसे हर रात के बाद 
दिन का होना तय है 
तय है 
दिन के बाद रात भी 
उजाले के बाद अँधेरा भी 

अँधेरा न हो तो 
कहाँ पता चलता है 
उजाले का प्रतिमान 
रौशनी का अस्तित्व ही है 
अँधेरे से 

बीज को पनपने के लिए 
जरुरी है अँधेरा 
आँखों की नींद के लिए 
जरुरी है अँधेरा 
गर्भ के भीतर भी है 
गहन अन्धकार है 
हर परछाई का रंग 
होता है अँधेरा 

अँधेरा जीवन का ही 
एक नितांत अनिवार्य पहलू है 
मेरे जीवन में स्वागत है तुम्हारा 
हे अन्धकार ! 

सोमवार, 27 नवंबर 2017

भाषाई सौहार्द





प्रकृति की अनुगूंज से 
नदियों की धारा
सागर की लहरों
पक्षियों से कलरव से
निकली जो दिव्य ध्वनियाँ 
सैकड़ो वर्षों तक 
सभ्यता की कंदराओं में 
किया विश्राम 
गढ़े  शब्द 
मानव की जिह्वा से 
गुज़रते हुए पाए अर्थ 
यही बने मानव के उदगार के माध्यम
कहलाये भाषा 


समय के सागर की लहरों के साथ 
तैरते हुए शब्दों ने की 
अनंत यात्राएं 
सभ्यता के सभी कालखंडो के साथ 
ये समृद्ध हुई 
संस्कृति की अंग बनी 
मानव की उदगार बनी 
मनोभावों के सम्प्रेषण का माध्यम बनी 

जो शब्द 
संस्कृति की यात्रा के साथ नहीं चले 
शब्दकोष की शोभा बने 
और कालांतर में समाप्त हो गए 

शब्द
जिन्होंने भूगोल की सीमाओं को 
धवस्त किया 
वे विश्व की भाषाएँ बनी 
विश्व की वाणी बनी 
ज्ञान की सेतु बनी 
जिन्होंने भाषाओँ पर लगाए पहरे
भाषाएँ वहीँ समाप्त हो गई
मृतप्राय हो गई

भाषाएँ बनी कभी तलवार तो 
कभी बनी योद्धाओं की हुंकार
कभी बनी  ज्ञान का भण्डार 
कभी संप्रेषित किया संचित ज्ञान 
तो कभी किया नृपों को सावधान 

भाषाएँ जब एक हुई 
बन गई स्वतंत्रता का स्वर 
भाषाएँ जब एक हुई 
देश हुआ एक , 
एक हुई जन्शंक्ति
अलग अलग भाषाएँ 
हैं जैसे उंगलियाँ 
एक साथ जब आती है 
बन जाती है मुट्ठी  
बन जाती है शक्ति !