मंगलवार, 9 फ़रवरी 2016

इस तरह विकास

माटी काट कर 
तालाब बनाते हैं 
माटी काट कर 
तालाब भरते हैं 
इस तरह हम विकास करते हैं 


पेड काट कर
जंगल के लिए जगह तैयार करते हैं 
पेड़ लगा कर 
जंगल बढ़ाते हैं 
इस तरह हम विकास करते हैं 

फसल जला कर 
मुआवज़ा पाते हैं 
जो फसल उगा कर 
नहीं भर पाते पेट 
इस तरह हम विकास करते हैं 

शुक्रवार, 5 फ़रवरी 2016

उधार


छोटा बनिया 
देता है उधार में 
आटा, नमक, तेल और मसाले 
उधार में नाई 
काट देता है बाल-दाढ़ी 

बड़ा बनिया 
देता है उधार में 
अनाज, तेल, हथियार 

पंडित नहीं कराता पूजा 
उधार में 
नहीं देता बड़ा बनिया 
उधार में 
किताब, पेन्सिल, कलम 
बच्चो के लिए