शुक्रवार, 19 मई 2017

शहर का पुराना पेंटर


वह वर्षों से 
रंग रहा है 
इस शहर के घर
तब से जब यह शहर 
बस ही रहा था 
नयी कालोनियां बन रही थी 
खेतों को काट काट कर। 

उसने उजड़ते देखे हैं 
गेंहूं के हरे रंगो को 
बदलते देखे हैं धरती के माटी रंग को 
रेत के धूसर रंग में सनते हुए 

उसके पास कहानियां है 
घरो की, मकानों की, 
उनमे रहने वाले बच्चो की 
वह छज्जे को रंगने से पहले 
तोड़ता है घोसला 
और अपने कुरते के कोर से 
साफ़ करता है गीली आँखें 

उसने रंगे हैं 
सैकड़ो घर 
कोठियों से लेकर 
एक कमरे वाले मकान तक,
रंगने के बाद 
वह बीच घर में खड़े हो 
निहारता है उन्हें 
उसकी आँखों में उतरता है 
दीवारों की चमक एक पल के लिए 
फिर मेहनताना गिनते गिनते 
हो जाता है उसकी आँखों का रंग 
डार्क ब्लैक।   

फिर वह पीछे मुड कर नहीं देखता
अगली सुबह लेबर चौक पर मिलता है 
बाल्टी, कूंची लिए 
उस समय उसकी आँखों में होता है 
रोटी का सफ़ेद रंग
बादलो की तरह तैरते हुए।    

सोमवार, 15 मई 2017

कवि और किसान



किसान
जोतते हुए खेत
जब कट या छिल जाता है
मिटटी लेपता है
करता है प्राथमिक उपचार

कुम्हार जब गढ़ रहा होता है
चाक पर
वह छिलने या कटने पर
लगाता है मिटटी ही

कवि
क्या तुम लीपते हो शब्द
जब स्वयं ही छलनी होते हो
अपने शब्दों से
अपनी कविता से !

कवि , तुम किसान नहीं हो सकते ! 

शुक्रवार, 5 मई 2017

झारखण्ड एक्सप्रेस 7



दिल्ली से आते हुए 
जैसे ही गया पार करती है ट्रेन 
शुरू हो जाता है देशी स्वाद का झोंका 
इस रुट की सबसे खराब चाय के हाँक के साथ 
तभी आता है 
मुरब्बा और अनरसा वाला 
बीच बीच में 
झाल मुड़ी वाला 
और निम्बू चाय वाला भी 

ये अब जाएंगे हटिया तक 
बारी बारी से चढ़ते-उतरते हुए 

दिल्ली मे इन स्वादों को 
तेज़ी से लील रहे हैं 
चमकदार पैकेट्स और 
वेंडिग मशीन 

कहता है कोई 
बंद होने वाले हैं 
ट्रेन में ये लोकल हाकर्स 
डिप करते हुए चाय का लिफाफा 
सरकार बना रही है कोई योजना 

झारखण्ड एक्सप्रेस में 
नहीं है स्वाद झारखंड का 
वैसे समूचे देश का यही है हाल।  

बुधवार, 3 मई 2017

झारखंड एक्सप्रेस - 6


(झारखंड की काली लड़कियों के लिए )

ऐ  काली लड़की 
 दिल्ली जाने से पहले 
तुम देख लो 
मोहम्मद अली के मुक्के 
गैब्रिएला सबातिनि के शॉट्स और सर्विस
विलियम बहनो की हुंकार 
 बोल्ट की तेज़ी 
या फिर ब्रायन लारा के 
टेस्ट क्रिकेट में 400 रन के रिकार्ड 
जो अब तक टूटे नहीं हैं।  

तुम पढ़ लो 
माया एंजेलो की कवितायेँ या 
ऑक्टेविया बटलर का उपन्यास "डॉन " जो करती है नई सुबह का आह्वान 
या  राल्फ एलिसन के इनविज़िबल मैन को 
ताकि  अपने भीतर गढ़ो एक नया चरित्र जो 
कालेपन से डरे नहीं , खुद को कोसे नहीं।  

खुद को काले होने के लिए कोसने से पहले 
तुम पढ़ लो मार्टिन लूथर किंग की जीवनी 
और फिर बराक ओबामा के संघर्ष को 
तुम्हारा डर और अवसाद 
बन जाएगी तुम्हारी ताकत 

जिस क्षण तुम उदास रहो 
अपने  कालेपन को लेकर 
तुम सुन लो बॉब डिडले के धुन 
थिरक लो और मन की गांठ को 
खोल दो अपने लम्बे केश के साथ 
और करो नृत्य थक जाने तक
देखना जागेगा 
तुम्हारे भीतर एक नया सूर्य 

सच कहूँ 
झारखंड के कालेपन में है
संघर्षशील चरित्र
गर्व करना सीखो इसपर।  

**********
(झारखंड एक्सप्रेस संग्रह से )