बुधवार, 9 अगस्त 2017

अधूरी आजादी




बेटी मरती कोख में 
बैठा बेटा बेरोज़गार  
कैसे मनाये आप कहें
आजादी का त्यौहार 

हाथ में जिनके हुनर 
थामे वे तलवार 
उन्मादी दुनिया में देखो
मानव का व्यवहार 
कैसे मनाये आप कहें
आजादी का त्यौहार 

खेत ऊसर हो रहे 
खेती घाटे का व्यापार
सूद का फंदा कस रहा
बदल के चेहरा साहूकार 
कैसे मनाये आप कहें 
आजादी का त्यौहार 

साल दशक कई बीते
छंटा न अन्धकार
ऊँचा होता जा रहा 
घावो का अम्बार 
कैसे मनाये आप कहें
आजादी का त्यौहार 


जल जंगल जमीन सब 
कर रहे हाहाकार 
सोई गहरी नींद में 
जनता और सरकार 
कैसे मनाये आप कहें
आजादी का त्यौहार 

जन जन को बाँटने का 
फूल रहा कारोबार
हवा पानी धूप पर
बिठाये अपने पहरेदार
कैसे मनाये आप कहें 
आजादी का त्यौहार

सबको रोटी सबको पानी
सेहत अक्षर का अधिकार
बस इतना सा मांगे देश 
निरुत्तर क्यों सरकार
कैसे मनाएं आप कहें
आजादी का त्यौहार। 

3 टिप्‍पणियां: