1.
पेड़ों के लगातार कम होने से
कम हो रही है कोयल की कूक
और आपके भीतर यदि नहीं उठ रही कोई हूक
तो आप नहीं जानते
क्या है चैत का मास !
2.
लगातार बहते पछिया हवा से
समय से पहले जल्दी पकने लगे हैं गेंहू
उनके दाने हो रहे हैं छोटे
और छोटे दाने के बारे में सोचकर
यदि नहीं छोटा हो रहा आपका मन
तो आप नहीं जानते
क्या है चैत का मास !
3.
होली में नैहर आई बेटी को
लिवाने नहीं आया दुल्हा
बेटी की प्रतीक्षा और आतुरता से
यदि नहीं नहीं आतुर हो रहा आपका हृदय
तो आप नहीं जानते
क्या है चैत का मास !